गाजीपुर, जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोलनापुर तालगांव में नाली विवाद को लेकर प्रशासनिक टीम के साथ विरोध और हंगामे का मामला सामने आया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, विवाद उत्पन्न करने तथा अधिकारियों के कार्य में व्यवधान पैदा करने के आरोप में पुलिस ने 9 नामजद एवं 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने 6 महिलाओं एवं 1 पुरुष को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में बनी सीमेंटेड खड़ंजा मार्ग के बीच अंडरग्राउंड नाली का निर्माण किया गया है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर चेंबर भी बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि श्रीमती रमावती पत्नी इन्द्रेश कुशवाहा का पानी उक्त सरकारी नाली में बहाने को लेकर बस्ती के कुछ लोगों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था। इस विवाद के समाधान हेतु 22 मई को खंड विकास अधिकारी जखनियां राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया और स्पष्ट किया कि सरकारी नाली में किसी भी व्यक्ति को नियमानुसार पानी बहाने से रोका नहीं जा सकता।read more:https://pahaltoday.com/sacrifice-gives-the-message-of-patience-and-love-maulana-arafat-hussain-ashrafi/
इसके बावजूद शुक्रवार 23 मई को जब उपजिलाधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सचिव, कानूनगो, लेखपाल तथा पुलिस बल मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचे और नाली जोड़ने का कार्य शुरू कराया गया, तभी राजभर बस्ती के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि करीब 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचकर सरकारी कार्य रुकवाने लगे तथा विवाद की स्थिति उत्पन्न कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भुड़कुड़ा पुलिस ने मु0अ0सं0 121/2026 के तहत धारा 191(2), 132, 352, 351(3), 121(1), 125 बीएनएस एवं 07 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नामजद अभियुक्त रवि भारद्वाज पुत्र मारकण्डेय राजभर समेत 6 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ग्राम मोलनापुर तालगांव थाना भुड़कुड़ा के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह एवं महिला हेड कांस्टेबल संतोष सैनी अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।