जमानियां। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां में कई माह से बंद पड़े आईसीटीसी काउंसलर कार्यालय का ताला बुधवार को विभागीय अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में तोड़ा गया। लंबे समय से कार्यालय बंद रहने और कार्य प्रभावित होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया।
बताया गया कि आईसीटीसी काउंसलर की लगातार गैरहाजिरी और कार्यालय बंद रहने से विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र प्रभारी चिकित्सक डॉ. रुद्रकांत सिंह की उपस्थिति में कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई महीनों से कार्यालय बंद पड़ा था, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।read more:https://pahaltoday.com/shivoham-seva-sansthan-organized-a-huge-feast/
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि आईसीटीसी काउंसलर की कार्यशैली में घोर लापरवाही एवं विभागीय कार्यों के प्रति उदासीनता सामने आई है। संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं जनता से जुड़ी होती हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय कार्य बाधित होने के कारण प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत अधिकारियों की मौजूदगी में बंद कार्यालय का ताला तोड़ा गया, ताकि आवश्यक अभिलेख एवं विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।