गाजीपुर जखनियां। शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुआन गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुरैनी नहर में नहाने गए तीन भाइयों में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई, जबकि सबसे छोटा भाई किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।read more:https://pahaltoday.com/many-people-including-the-bjp-state-president-were-present-at-the-bhandara-of-ultimate-multi-solutions/जानकारी के अनुसार कनुआन गांव निवासी किशन कनौजिया (14) एवं शिवराज कनौजिया (13) पुत्र जगत राम कनौजिया अपने छोटे भाई अनंत कनौजिया (9) के साथ गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास स्थित गुरैनी नहर में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक दोनों बड़े भाई गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। छोटा भाई अनंत किसी तरह बाहर निकल आया और घबराई हालत में घर पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि मृतक किशन और शिवराज जखनिया स्थित माता कुसुम देवी इंटर कॉलेज के छात्र थे और क्रमशः कक्षा छह एवं सात में पढ़ते थे। दोनों भाइयों की असमय मौत से विद्यालय परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के पिता जग्गू उर्फ जगत राम कनौजिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां थीं। एक पुत्री की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी अभी अविवाहित है। दो बेटों की एक साथ मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घटना की सूचना पर शादियाबाद एवं भुड़कुड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई।