मोनू कश्यप हत्याकांड: अखिलेश यादव से मिला पीड़ित परिवार, सपा ने न्याय की लड़ाई में साथ निभाने का दिया भरोसा

Share
सहारनपुर । ग्राम जसाला निवासी स्वर्गीय मोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। मृतक की माता विमलेश ने कैराना सांसद इक़रा हसन और विधायक नाहिद हसन के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचकर अखिलेश यादव से भेंट की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस मुलाकात के बाद मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।read more:https://pahaltoday.com/aadhaar-will-be-made-free-for-children-aged-7-to-15-years-till-september-30-2026-and-can-also-be-updated-dm/
मुलाकात के दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पार्टी नेतृत्व ने परिवार को हर संभव कानूनी सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया। अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अन्याय के खिलाफ मजबूती से उनके साथ खड़ी है और दोषियों को बचाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। पीड़ित परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि मोनू कश्यप की हत्या को रेल हादसे का रूप देकर असली आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। परिवार का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग भी उठाई। समाजवादी पार्टी पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने इस पूरे मामले को न्याय और सच्चाई की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं बल्कि कानून व्यवस्था और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। अरोड़ा का आरोप है कि पूरे मामले में सच्चाई दबाने की कोशिश की गई और हत्या को दुर्घटना बताकर मामला कमजोर करने का प्रयास हुआ। कैराना सांसद इक़रा हसन ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी हत्या को दुर्घटना साबित करने का प्रयास किया जाता है तो यह कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर स्तर पर उनकी आवाज उठाई जाएगी।विधायक नाहिद हसन ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, पिछड़े, दलित और पीड़ित वर्ग की आवाज बनकर खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि मोनू कश्यप प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो सच्चाई अवश्य सामने आएगी। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि हत्याकांड को रेल हादसे का रूप देकर आरोपियों को बचाने की साजिश की गई है। समाजवादी पार्टी इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से उठा रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई जारी रखेगी। नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। मुलाकात के दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और समर्थक भी मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वहीं पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि अब मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *