जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जिला अस्पताल ‘लोहिया’ के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी वार्ड) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड में भारी अव्यवस्थाएं और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।read more:https://pahaltoday.com/initiatives-are-being-taken-to-start-24-hour-medical-services-at-the-old-hospital/
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार सोमवार शाम अचानक आवास विकास स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बच्चों के कुपोषण उपचार के लिए संचालित एनआरसी वार्ड की व्यवस्थाएं बदहाल मिलीं। वार्ड में साफ-सफाई, देखरेख और व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां पाए जाने पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। सीएमओ ने कहा कि एनआरसी वार्ड अत्यंत संवेदनशील इकाई है, जहां कुपोषित बच्चों की विशेष देखभाल की जाती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।