फतेहपुर। जनपद की बिन्दकी तहसील क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह युवाओं के सिर इस कदर चढ़कर बोल रही है कि सार्वजनिक मार्गों से लेकर पुलिस चौकियों के सामने तक रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। स्थिति यह है कि बिन्दकी-ललौली चौराहा हो या फिर मुसाफा चौकी के सामने का सार्वजनिक मार्ग, हर जगह खुलेआम यातायात नियमों और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। रील बनाने के नाम पर बीच सड़क बाइकें खड़ी कर स्टंट करना, तेज आवाज में गाने बजाना, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना तथा राहगीरों को परेशानी में डालना अब आम बात बन चुकी है। सबसे हैरानी की बात यह है कि कई स्थानों पर यह सब पुलिस चौकियों के ठीक सामने होता दिखाई देता है, लेकिन कार्यवाही के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है।read more:https://pahaltoday.com/educational-material-distributed-to-children-in-akbarpur/हालांकि प्रशासनिक स्तर पर समय-समय पर सख्ती और कार्यवाही के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन धरातल पर उसका असर नगण्य दिखाई पड़ता है। कुछ युवाओं पर हल्की कार्यवाही कर मामला शांत कर दिया जाता है, जिससे ऐसे लोगों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। वायरल होने की होड़ में युवा अपनी जान के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस रीलबाजी पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक मार्गों पर हुड़दंग और स्टंट कर रील बनाने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए ताकि कानून का भय कायम हो सके और आमजन को राहत मिल सके।