पंखा लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, ग्राम प्रधान चुनाव की कर रहा था तैयारी

Share
गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान दीपक कुमार (26) पुत्र महेंद्र राम के रूप में हुई है।read more:https://pahaltoday.com/darkness-near-the-bus-stand-became-a-problem-passengers-raised-the-demand-for-lighting/
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार अपने घर में पंखा लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। घर में मौजूद उनकी छोटी बहन ने जब उन्हें जमीन पर गिरा देखा तो चीख-पुकार मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में उन्हें बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दीपक अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। गांव के लोगों के अनुसार वह मिलनसार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले युवक थे। क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी और वह आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। उनकी असमय मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। घटना के संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *