सहारनपुर में पानी संकट पर फूटा पार्षदों का गुस्सा, अभिषेक “टिंकू” अरोड़ा ने जलकल विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी

Share

सहारनपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में गहराते पेयजल संकट को लेकर नगर निगम की जनसुनवाई में जमकर हंगामा देखने को मिला। वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता एवं पार्षद अभिषेक “टिंकू” अरोड़ा ने जलकल विभाग और महाप्रबंधक जलकल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि शहर की जनता पानी की समस्या से त्रस्त है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि पिछले कई महीनों से शहर के अलग-अलग वार्डों के पार्षद लगातार जलकल विभाग को पत्र लिखकर पेयजल संकट की जानकारी दे रहे हैं। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान हो रही है। टिंकू अरोड़ा ने कहा कि शहर में लगाए गए छह नए पानी के पंप अब तक चालू नहीं किए गए हैं। गर्मी के इस मौसम में जब पानी की मांग सबसे अधिक है, उस समय भी विभाग की सुस्ती लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से स्थापित पंपों की पाइप लाइनों को भी तकनीकी रूप से ठीक ढंग से नहीं जोड़ा गया, जिससे कई क्षेत्रों में पानी का दबाव कम हो गया है। परिणामस्वरूप अनेक मोहल्लों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा।read more:https://pahaltoday.com/heavy-vehicles-taken-action-against-in-drink-and-drive-campaign-dozens-challaned/ उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में लोग सुबह और शाम पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग टैंकरों के सहारे जीवनयापन कर रहे हैं। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे। सपा नेता ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की लापरवाही का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के कारण जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता को साथ लेकर जलकल विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन से लेकर उच्च अधिकारियों और शासन स्तर तक शिकायत पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान कई अन्य पार्षद भी मौजूद रहे और उन्होंने भी शहर में व्याप्त पेयजल संकट पर चिंता जताई। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर पानी की समस्या का समाधान करना चाहिए। उनका कहना था कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था मजबूत होना सबसे आवश्यक है, लेकिन वर्तमान हालात में आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर पार्षद डॉ. एहतेशाम, पार्षद अहमद मलिक, पार्षद नदीम अंसारी, पार्षद नितिन जाटव, पार्षद फराज अंसारी, पार्षद फहाद सलीम एवं पार्षद डॉ. मोहतसीम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने कहा कि जनता ने उन्हें अपनी समस्याओं की आवाज उठाने के लिए चुना है और वे हर परिस्थिति में जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। शहरवासियों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ऐसे में नगर निगम और जलकल विभाग को त्वरित कदम उठाकर नई जल योजनाओं को शुरू करना चाहिए तथा खराब पड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *