सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन वर्मा की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को चिलकाना रोड स्थित महफूज गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत छोड़कर लौटे आसिम मलिक का संगठन में स्वागत किया गया।read more:https://pahaltoday.com/officers-should-work-like-an-army-for-the-farmers-negligence-will-not-be-tolerated/बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिसके कारण यहां की जनता को विकास, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।भगत सिंह वर्मा ने कहा कि आसिम मलिक की संगठन में वापसी से आंदोलन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आसिम मलिक किसानों की समस्याओं और पृथक पश्चिम प्रदेश आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा का परिवार लगातार बढ़ रहा है और अब वह समय दूर नहीं जब पश्चिम प्रदेश का निर्माण होकर यहां की आठ करोड़ जनता को उसका अधिकार मिलेगा।उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ में बैठी सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अनदेखी कर रही है। यहां के अधिवक्ता पिछले 45 वर्षों से हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले सकी। उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश बनने पर यहां राजधानी, हाईकोर्ट, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं विकसित होंगी तथा युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।बैठक में प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि वह पुनः अपने परिवार में लौटे हैं और अब भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं और पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण के आंदोलन में पूरी मजबूती से भागीदारी करेंगे। उन्होंने युवाओं से भी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।इस दौरान संगठन विस्तार करते हुए डॉ. अब्दुल खालिक को मंडल प्रभारी, अब्दुल सत्तार को महानगर मंत्री और मोहम्मद गुलबहार को सेक्टर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।बैठक की अध्यक्षता हाजी वली मोहम्मद ने की जबकि संचालन समीर राव ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी दुष्यंत सिंह, प्रदेश सचिव एजाज अहमद, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मवीर चौधरी, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष मुकर्रम प्रधान, अर्सलान राव, वली उल्लाह, मोहम्मद सलमान, खालिद मलिक, शाह नजर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।