सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता कचहरी परिसर के पास एकत्र हुईं, जहां नारेबाजी करते हुए सपा सांसद का पुतला फूंका। प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए कथित अमर्यादित बयान के विरोध में किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी एवं उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ भी नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि इस बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार राजनीतिक स्तर गिराने का कार्य कर रही है।read more:https://pahaltoday.com/meritorious-students-were-honoured-talent-award-ceremony-was-organised-in-pt-sachchidanand-inter-college/ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोकप्रिय नेता हैं और उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पूरे देश का अपमान है। जिला सह मीडिया प्रभारी अमन वर्मा ने कहा कि आने वाले समय में देश की नारी शक्ति एवं जनता लोकतांत्रिक तरीके से समाजवादी पार्टी को जवाब देगी। प्रदर्शन के दौरान जिला मंत्री सुषमा सिंह गोंड़, गुड़िया त्रिपाठी, वंदना वर्मा, तारा देवी, रीता गुप्ता, सरोज केशरी, रंजना चैधरी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।