धामपुर (बिजनौर)। क्षेत्र में अवैध खनन का खेल एक बार फिर खुलेआम फल-फूल रहा है। ताजा मामला धामपुर के मुन्नी देवी मंदिर से वन विभाग जाने वाले मार्ग का है, जहां दिनदहाड़े बड़े-बड़े डंपरों के जरिए मिट्टी का अवैध खनन और भराव किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मिट्टी का उपयोग अवैध कॉलोनियों को विकसित करने में किया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से लेकर देर शाम तक डंपरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। भारी भरकम वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता खतरे का कारण बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया बिना किसी रोक-टोक के प्रशासन की आंखों के सामने इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।read more:https://worldtrustednews.in/without-convenience-fee-the-file-does-not-move-even-an-inch-forward-harish-kapoor/बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जमीन समतलीकरण कर अवैध कॉलोनियां बसाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए नियमों को दरकिनार कर कृषि भूमि पर मिट्टी डाली जा रही है, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है या फिर यह अवैध खनन यूं ही जारी रहेगा।