कमालगंज/संवाददाता थाना कमालगंज क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा सराफा व्यापारी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद कन्नौज के कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम गोरी नवादा निवासी जावेद खां (30 वर्ष), पुत्र एजाज खां, पेशे से सराफा व्यापारी थे और गुरसहायगंज में उनकी ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार को वह किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा फर्रुखाबाद आए थे।देर शाम जब वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी थाना कमालगंज क्षेत्र के लव-कुश कोल्ड स्टोरेज के पास सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की मदद से घायल जावेद को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जावेद खां की असामयिक मृत्यु से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवा व्यापारी की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव और व्यापारिक क्षेत्र में फैली, लोग स्तब्ध रह गए।