सोनभद्र। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले संविदा कर्मियों की मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय रॉबर्ट्सगंज पर पिछले चार दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन गुरुवार को वार्ता के बाद समाप्त हो गया। अधीक्षण अभियंता और संगठन के पदाधिकारियों के बीच हुई सकारात्मक बातचीत में कर्मचारियों की सभी मांगें मान ली गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि अधीक्षण अभियंता ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। मांगें पूरी होने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता के प्रति आभार भी जताया। वार्ता में जिला अध्यक्ष ज्योति कुमार, जिला सचिव अभय पाण्डेय, मंडल सचिव नितेश मौर्या, कोषाध्यक्ष हरिशंकर द्विवेदी और उपमंत्री राजनरायन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व संविदा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। हालांकि, गुरुवार को हुई सफल वार्ता के बाद स्थिति सामान्य हो गई और कर्मचारियों ने संगठन की एकजुटता को अपनी जीत बताया।