म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत किरवानी में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। गांव में जैपत के घर के पास स्थित पुलिया टूट जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, उक्त पुलिया का निर्माण लगभग छह वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन समय रहते मरम्मत न होने के कारण अब यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया के टूटने से राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। कई बार ग्रामीण इसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं, वहीं रात के समय पैदल व दोपहिया वाहन सवारों के साथ दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों जैपत, नीरज, अनिल, रामचंद्र, शिवदास, राजकुमार, जींदलाल, बबलू, विशाल और सूरज ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और संभावित हादसों से बचाव किया जा सके। वहीं, इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।