गाजीपुर: पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, एक हफ्ते में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश

Share
गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानन्द तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, अग्रणी जिला प्रबन्धक (बैंक) राजदेव कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, जीएमआर प्रतिनिधि पीयूष कुमार सहित जनपद में पंजीकृत वेण्डर्स उपस्थित रहे।
बैठक में योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। परियोजना अधिकारी यूपीनेडा ने बताया कि विद्युत विभाग से संबंधित मीटर कॉन्फ़िगरेशन के 48 प्रकरण, बिल संशोधन/बिल जनरेशन एवं एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट से जुड़े 35 प्रकरण तथा मीटर इंस्टालेशन से जुड़े 8 मामले लंबित हैं। वहीं बैंक स्तर पर डिस्बर्समेंट एवं आंशिक भुगतान से संबंधित कुल 878 आवेदन लंबित पाए गए, जिनमें एसबीआई के 381 और यूबीआई के 280 प्रकरण शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग और बैंकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सभी लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को निरंतर अनुश्रवण करते हुए प्रगति से अवगत कराने को कहा।
इसके अलावा यह भी सामने आया कि 81 प्रकरण ऐसे हैं, जिनमें बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत और भुगतान हो चुका है, लेकिन वेण्डर्स द्वारा इंस्टालेशन लंबित है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित वेण्डर्स के साथ समन्वय स्थापित कर सात दिनों के भीतर सभी इंस्टालेशन कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *