रेहड़। बुधवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार युवक की अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र के गांव अमाननगर उर्फ हर्रावाला निवासी 22 वर्षीय हेमराज सिंह पुत्र तेजपाल सिंह बुधवार शाम बाइक द्वारा धामपुर से अपने घर लौट रहा था। बादीगढ़ चौराहा – सुआवाला मार्ग पर गांव हसनपुर तिराहे के पास उसकी बाइक एक ई-रिक्शा से टकरा गई। इस दुर्घटना में हेमराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी अफजलगढ़ में भर्ती कराया जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया परंतु परिजन उसे काशीपुर उत्तराखंड स्थित केवीआर अस्पताल ले गए। वहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे हल्द्वानी स्थित मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे इसी दौरान बुधवार सुबह रामनगर के पास रास्ते में उसकी मौत हो गई। हेमराज की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक पेंटर का कार्य करके अपने परिवार की गुजर बसर करता था। मृतक के परिजनों ने बुधवार दोपहर भूतपुरी स्थित रामगंगा घाट पर मृतक हेमराज के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।