रेहड़। पुलिस ने तीन दिन पूर्व हुई चोरी की घटना का खुलासा करके दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है और उनकी निशानदेही पर चोरी हुआ माल भी बरामद किया है। रेहड़ निवासी शहजाद हुसैन की पत्नी नाजमीन ने 7 अप्रैल को थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया था कि वह 3 अप्रैल को उत्तराखंड के जसपुर स्थित अपने मायके गई थी। जब वह 7 अप्रैल को घर वापस आई तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी खुली हुई है। अलमारी के कपड़े नीचे पड़े हैं। सामान चेक किया तो पता लगा कि अलमारी में रखे सोने व चांदी के जेवरात सहित एक पेंसिल टार्च व एक स्मार्ट वाच मय चार्जर आदि सामान चोरी हो गया है। पुलिस ने नाजमीन की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर घटना के खुलासे के प्रयास शुरू कर दिए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि इस घटना को अंजाम देने में एक बाल अपचारी सहित रेहड़ निवासी दो युवकों मौ. सेफ उर्फ मुन्ना पुत्र मौ. हनीफ व मोबीन अहमद पुत्र मतलूब अहमद के नाम प्रकाश में आए। उन्होंने बताया कि बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेने के बाद दोनों आरोपियों मौ. सेफ व मोबीन को बुधवार शाम रेहड़ स्थित देवी मां के मंदिर से आगे शमशान घाट के पास स्थित जंगल से गिरफ्तार कर उनकी निशान देही पर चोरी हुए सफेद व पीली धातु के जेवरात सहित एक पेंसिल टॉर्च व चार्जर सहित एक स्मार्ट वाच आदि माल बरामद कर लिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक भीम सिंह, सोनू कुमार, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी राजकुमार व हेमंत आदि शामिल रहे।