शेरकोट । घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर आजाद समाज पार्टी ने नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को बुधवार को धामपुर स्थित उनके आवास पर प्रार्थना पत्र सौंपा। इसमें शेरकोट को ग्रामीण श्रेणी से हटाकर शहरी क्षेत्र में शामिल कराने की मांग की गई है। आसापा नेता सरदार ख्वाजा ने बताया कि वर्तमान में शेरकोट को ग्रामीण क्षेत्र की श्रेणी में रखा गया है, जिसके कारण घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में अत्यधिक विलंब हो रहा है। नगर में गैस सिलेंडर की बुकिंग करीब 45 दिन के अंतराल में हो रही है, जिससे लगभग डेढ़ लाख की आबादी को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।उन्होंने सांसद से अनुरोध किया कि इस समस्या के समाधान के लिए भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्री एवं इंडियन गैस (आईयूसीएल) को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए।सरदार ख्वाजा का कहना है कि यदि शेरकोट को शहरी क्षेत्र का दर्जा मिल जाता है तो गैस सिलेंडर की बुकिंग लगभग 25 दिन के भीतर संभव हो सकेगी। इससे नगरवासियों को समय पर गैस उपलब्ध हो पाएगी और उन्हें राहत मिलेगी।प्रार्थना पत्र के माध्यम से सांसद से शीघ्र हस्तक्षेप कर शेरकोट को शहरी क्षेत्र में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की गई है, ताकि नगर को शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सके।