बरैला महादेव मंदिर में श्रीराम कथा सुनने उमड़ी भक्तों की भीड़

Share

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज के बरैला महादेव मंदिर प्रांगण में सातवें वर्ष आयोजित अभिषेकात्मक रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्री राम कथा ज्ञानयज्ञ में चित्रकूट धाम से पधारी राष्ट्रीय कथा वाचिका देवी शिवानी ने शिव विवाह की कथा सुनायी। श्री रामचरितमानस की चैपाई, करहु सदा शंकर पद पूजा। नारी धर्म पति देव न दूजा।। अर्थात हर एक स्त्री को अपने पति में ही परमेश्वर को देखना चाहिए। व्यास जी ने भगवती पार्वती और शिव शंकर जी के विवाह में बताया कि दुनिया में सबसे महान विवाह शिव और शक्ति का हुआ और दुनिया का हर एक पति-पत्नी शंकर पार्वती के प्रेम से शिक्षा ग्रहण करें। पुरुष वर्ग को शिक्षा लेनी चाहिए कि महादेव ने भगवती पार्वती को किस प्रकार अपना आसन प्रदान किया। महादेव के विवाह में बारात के रूप में विशेष रूप से भक्तों ने भाग लिया और शिव पार्वती का विवाह मंच पर भी संपन्न कराया गया। महादेव बरैला नाथ जी को गंगाजल से अभिषेक करने के बाद भक्त राज हेमंत गुप्ता एवं मंगल केसरी के द्वारा 1001 पुष्पमाला के द्वारा भव्य श्रृंगार पूजन आरती किया गया। यज्ञ कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश चतुर्वेदी ने बताया कि आगे आगंतुक कथावाचक के रूप में मिर्जापुर उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय कथावाचक पंडित धर्मराज शास्त्री एवं जौनपुर से पंडित प्रकाश चंद्र विद्यार्थी जी 10 अप्रैल से 12 अप्रैल तक 3 दिन के लिए श्री राम कथा मंच पर प्रवचन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *