मजुई में देशी शराब दुकान के नए स्थान पर बवाल, ग्रामीणों का जोरदार विरोध

Share
गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के मजुई गांव में देशी शराब की दुकान को नए स्थान पर खोले जाने के खिलाफ बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने शादियाबाद-बहरियाबाद मार्ग पर प्रस्तावित नए स्थल पर विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकान को वहां न खोले जाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि मजुई चौराहा से सादात जाने वाली सड़क पर यह दुकान वर्षों से संचालित होती रही है, इसलिए इसे उसी स्थान पर यथावत रखा जाए। उनका आरोप है कि नए स्थान पर दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।वहीं दूसरी ओर दुकान के सेल्समैन दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि यह दुकान अनुज्ञापी दुर्गावती देवी के नाम आवंटित है और आबकारी विभाग में इसी नए स्थान के अभिलेख प्रस्तुत किए गए हैं, जिन्हें विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी ने तत्काल दुकान बंद कराकर सेल्समैन को आवश्यक कागजात के साथ थाने बुलाया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच उपरांत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।विरोध प्रदर्शन में रोशन कुमार, राकेश यादव, मुन्ना राम, संतोष, रामबचन, आशा देवी, राधिका, मुन्नी, किरन, शांति, सुशील, बी.के. भारती, मनीष, नंदू राम, सिकंदर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *