गाजीपुर जमानियां। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तरीय स्कूल चलो अभियान के तहत पीएम कंपोजिट विद्यालय देवरिया के प्रांगण से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने किया, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।इस जागरूकता रैली में प्राथमिक विद्यालय सबलपुर, प्राथमिक विद्यालय पास सैयदराजा, प्राथमिक विद्यालय मतसा, पीएम कंपोजिट विद्यालय देवरिया गंग बरार तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय मतसा के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर ग्राम सभा देवरिया, पास सैयदराजा और सबलपुर खुर्द होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर सम्पन्न हुई।रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए, जिससे पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), बेंगलुरु जैसे प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, मेधावी छात्रों को कक्षा 12 तक प्रति माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति तथा DBT जैसी योजनाओं का भी लाभ दिया जा रहा है।उन्होंने स्वयं गांवों में जाकर अभिभावकों से संवाद किया और अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान सुरेन्द्र नाथ सिंह (अध्यक्ष), अरविन्द कुमार सिंह (ARP), प्रेम कुमार, अखिलेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रशांत राय, प्रेमलता राय, शाइस्ता, संध्या गुप्ता, शबाना चौधरी, अनीता यादव, उदय प्रताप सिंह (संकुल) तथा सुमन सिंह सहित अनेक शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।रैली ने शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त संदेश दिया।