सादात। शासन द्वारा नगर पंचायत सादात में मनोनीत तीन सभासदों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। जखनियां के एसडीएम अतुल कुमार ने मनोनीत सभासद सुभाष लाल श्रीवास्तव, जितेंद्र कुशवाहा शेट्टी और शनि राजभर को विधिवत शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एसडीएम अतुल कुमार ने नवमनोनीत सभासदों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक नगरवासी तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मदेव यादव ने सभी मनोनीत सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए नगर के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।वहीं, नवमनोनीत सभासदों ने भी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी (ईओ) सोनल जैन, सभासद राजू मद्धेशिया, मु. आजाद, शशिकांत, वरिष्ठ लिपिक जित्तन, अनिल कुमार, छोटू कुशवाहा, सद्दाम और अमन कुमार सहित नगर पंचायत के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
दूसरी ओर, पूर्व चेयरमैन राजनाथ यादव और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानंद सिंह मुन्ना समेत अन्य शुभचिंतकों ने भी मनोनीत सभासदों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।