गैस सिलेंडर के लिए धूप में लंबी कतारें, अव्यवस्था पर उठे सवाल

Share
अमेठी। जनपद में रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, जहां लोग तेज धूप में घंटों खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, फिर भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित शिवांशु गैस सर्विस के बाहर रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें सुबह से लाइन में लगना पड़ता है, लेकिन वितरण प्रक्रिया धीमी होने के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।इधर अमेठी कस्बे की प्रकाश गैस एजेंसी को अनियमितताओं के चलते पूर्ति विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है और संचालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है, बल्कि एजेंसियों पर भीड़ और बढ़ती जा रही है।कई उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पर्याप्त स्टॉक होने के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। लंबी कतारें, देरी और अव्यवस्थाओं से लोग परेशान हैं।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन एजेंसियों के बाहर की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि स्टॉक पर्याप्त है तो वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करना आवश्यक है, ताकि लोगों को धूप में घंटों इंतजार न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *