गाजीपुर।जनहित एवं मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुरक्षा कोर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजीपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में सिविल डिफेंस के वार्डेन एवं सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय (जिला कलेक्ट्रेट) में आयोजित की गई, जिसमें शिविर को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने, अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में संतोष कुमार वर्मा (चीफ वार्डेन), अशोक कुमार (आपदा विशेषज्ञ), राधेश्याम (आपदा लिपिक), लेखाकार शिप्रा राय, कंप्यूटर ऑपरेटर सत्येंद्र एवं दुर्गा के साथ-साथ गौरव कुमार, अभिषेक सिंह, वीरेंद्र, शीर्षदीप, आकाशदीप, शशिकांत, इम्तियाज, खुशी, सारिका, संदीप मिश्रा एवं आनंद सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन उपनियंत्रक सिविल डिफेंस एवं उपजिलाधिकारी (SDM) विनोद जोशी द्वारा किया जाएगा, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आनंद मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।जिला अस्पताल, ब्लड बैंक, गाजीपुर में आयोजित इस शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को डोनर कार्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आगे आकर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, क्योंकि “एक यूनिट रक्त, किसी की ज़िंदगी बचा सकता है।”