यूपीआई साइबर फ्रॉड पर जंगीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 48,159 रुपये की पूरी रकम सुरक्षित वापस, समय पर शिकायत बनी सफलता की कुंजी

Share
जनपद गाजीपुर में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना जंगीपुर की साइबर सेल ने सराहनीय कार्य करते हुए यूपीआई फ्रॉड के शिकार एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराकर पुलिस की सक्रियता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।विस्तृत जानकारी के अनुसार, ग्राम अरशदपुर, थाना जंगीपुर निवासी सुनील प्रजापति (पुत्र चंद्रमा प्रजापति) के साथ अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा यूपीआई के माध्यम से 48,159 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बिना देरी किए भारत सरकार द्वारा संचालित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल थाना जंगीपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित तकनीकी एवं विधिक कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकिंग चैनलों, यूपीआई ट्रांजैक्शन डिटेल्स एवं संदिग्ध खातों का विश्लेषण कर धनराशि को ट्रैक किया और आवश्यक समन्वय स्थापित कर रकम को होल्ड/रिवर्स कराने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की।पुलिस टीम के प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी धनराशि 48,159 रुपये सफलतापूर्वक उसके बैंक खाते में वापस करा दी गई। यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि समय रहते की गई शिकायत साइबर अपराधों में नुकसान की भरपाई सुनिश्चित कर सकती है।धनराशि वापस मिलने पर आवेदक सुनील प्रजापति ने जंगीपुर पुलिस एवं साइबर सेल की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।पुलिस की आमजन से अपील:जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी—जैसे यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी कॉल/लिंक या ऑनलाइन ठगी—की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। त्वरित सूचना देने पर ही धनराशि को सुरक्षित वापस कराने की संभावना अधिक रहती है।बरामदगी करने वाली पुलिस टीम:थानाध्यक्ष  शिवमणि त्रिपाठी, थाना जंगीपुर, जनपद गाजीपुर
कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्य, थाना जंगीपुर, जनपद गाजीपुर मीडिया सेल, जनपद गाजीपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *