भेटुआ/अमेठी। जनपद के भेंटुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा गौरिकपुर के अजमेर का पुरवा में बना बारात भवन बदहाली का शिकार हो चुका है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस भवन की स्थिति अब इतनी खराब हो गई है कि इसका उपयोग करना तो दूर, वहां जाना भी लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार भवन की खिड़कियों से घास अंदर तक उग आई है, दरवाजे पूरी तरह गायब हैं और फर्श जगह-जगह से टूट चुकी है। वहीं दीवारों का प्लास्टर भी झड़ गया है, जिससे भवन पूरी तरह जर्जर नजर आता है। देखरेख के अभाव में यह बारात भवन अब नशेड़ियों और जंगली जानवरों का अड्डा बन गया है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना रहता है।स्थानीय निवासी रवि सिंह, विक्की सिंह, विकास, सोनू सहित दर्जनों ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारात भवन का जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कराया जाए। उनका कहना है कि यदि भवन की मरम्मत हो जाए तो गांव के लोगों को शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सुविधा मिल सकेगी।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मुद्दे को लेकर उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाएंगे।