गाजीपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरियों से आमजन भयभीत हैं।सपा नेताओं ने बताया कि जंगीपुर, मरदह और बिरनो थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में हाल के दिनों में कई बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। बिरनो थाना क्षेत्र में सात घरों तथा मरदह क्षेत्र में पांच घरों में हुई भीषण चोरियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों की नींद हराम हो गई है।जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधियों में न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का खौफ, जिसके चलते वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द इन घटनाओं का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्रक में चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य पारस नाथ यादव, पंकज यादव, रामबरत यादव, कन्हैया यादव, प्रभुनाथ राम सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।