भगवान महावीर स्वामी जयंती पर गूंजे जियो और जीने दो के नारे

Share
ललितपुर। सिद्ध क्षेत्र पावागिरि सहित तालबेहट के दोनों जैन मंदिर में वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महा महोत्सव की 2625 वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनायी गयी। जिसमें सुबह भगवान महावीर स्वामी के पालना झूला के बाद अभिषेक शांतिधारा एवं पूजन विधान का आयोजन किया गया। वहीं नगर के पारसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में बुंदेलखंड के प्रथम गणाचार्य विराग सागर महाराज की परम् प्रभावी शिष्या भारत गौरव आर्यिका विविक्त श्री माताजी, विप्रा श्री माता जी, वियोजना श्री माता जी, क्षुल्लिका विशुद्रण श्री माताजी के ससंघ मंगलमय सानिध्य में महावीर जयंती के अवसर पर विमानोत्सव कार्यक्रम में श्री जी की भव्य शोभा यात्रा एवं पाठशाला के बच्चों द्वारा सुन्दर झांकी निकाली गयी। जिसमें तैलीय चित्र की झांकी, विमान में श्री जी को लेकर प्रमुख पात्र, बग्गी में धर्म ध्वजा लेकर श्रावक श्रेष्ठी,आर्यिका और क्षुल्लक की वेशभूषा में पाठशाला के बच्चे, बैंड बाजों की प्रस्तुति देती महिला मण्डल, डी जे बैंड की धार्मिक धुनों पर नृत्य करते युवा, मंगल गीत गाती हुई महिलाएं एवं सत्य-अहिंसा एवं जियो और जीने दो की नारे लगाते हुए पुरुष वर्ग चल रहा था। धर्माबलंबियों ने द्वार को रंगोली से सजाकर शोभायात्रा का स्वागत किया एवं श्री जी की मंगल आरती उतारी। यात्रा प्रमुख मार्गो से होती हुई वासुपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर से वापस मंदिर जी आयी। जहाँ वार्षिक कलशाभिषेक फूलमाल का आयोजन किया गया। पूज्य श्रमणी आर्यिका विविक्त श्री माताजी ने मंगल प्रवचन में धर्म का मर्म समझाते हुए वर्तमान शासन नायक जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के आदर्श जीवन चारित्र पर प्रकाश डाला एवं उनके द्वारा बताये गये सत्य अहिंसा अपरिग्रह अस्तेय अनेकांत और ब्रह्मचर्य के मार्ग को प्रासंगिक बताया। रात्रि में महाआरती एवं भगवान महावीर स्वामी का पालना झूला का कार्यक्रम हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में पारसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर समिति, वीर सेवा दल, भारतीय जैन मिलन बहुमण्डल एवं वासुपूज्य जिनालय शाखा, अहिंसा सेवा संगठन, जैन युवा सेवा संघ, सनत कुमार, डॉ. महेंद्र, अनिल चौधरी, देवेंद्र बसार, प्रवीन भंडारी, कमलेश सिर्सी, प्रकाश परिधान, प्रीतेश पवैया, विशाल पवा, आकाश चौधरी, अभिषेक मिठया, आशीष सहित सकल दिगम्बर जैन समाज का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *