प्राइवेट चिकित्सकों के होली मिलन समारोह में उड़े अबीर-गुलाल, उठीं कई अहम मांगें

Share

सोनभद्र। रूरल हेल्थ वेलफेयर सोसाइटी (प्राइवेट डॉक्टर्स एसोसिएशन) के तत्वावधान में राबर्ट्सगंज स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में होली मिलन एवं बसंत उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ओपी. मौर्य ने की, जिसमें प्राइवेट चिकित्सकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. नन्दजी सिंह एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अजीत सिंह, डॉ. गोपाल शरण सिंह, डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि होली सामाजिक समरसता और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ये चिकित्सक प्राथमिक उपचार देकर लोगों की जान बचाने में अहम योगदान दे रहे हैं। प्रदेश सचिव डा. भूपेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि अनुभव के आधार पर सेवा दे रहे चिकित्सकों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच और रजिस्ट्रेशन के नाम पर शोषण किया जा रहा है, जबकि प्रदेश में डॉक्टरों की भारी कमी है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि कोविड काल में इन चिकित्सकों ने कोरोना मरीजों की सेवा कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, ऐसे में इन्हें कोरोना योद्धा के रूप में सम्मानित किया जाना चाहिए। अध्यक्ष डॉ. ओपी मौर्य ने मांग उठाई कि अनुभवी चिकित्सकों को प्रशिक्षण देकर प्राथमिक उपचार की अनुमति दी जाए, आयुर्वेद रत्न व वैद्य विषारद पद्धति के चिकित्सकों को मान्यता मिले तथा आरएमपी रजिस्ट्रेशन को पुनः लागू किया जाए। साथ ही 1500 की आबादी पर एक चिकित्सा मित्र नियुक्त करने और ग्रामीण चिकित्सकों को प्रशिक्षित कर स्वास्थ्य मित्र घोषित करने की भी मांग की गई। कार्यक्रम में डॉ. आर.ए. चैहान, डॉ. राम अवतार चैहान सहित सैकड़ों ग्रामीण चिकित्सक मौजूद रहे। संचालन डॉ. राम अवतार चैहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *