जिगना, छानबे। क्षेत्र के ग्राम सभा गौरा में बिना अनुमति एवं बिना पंजीकरण के कथित “बाबा” द्वारा धार्मिक आयोजन कराने और अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को बाबा बताकर गांव में रह रहे हैं। आरोप है कि ये लोग हनुमान जी मंदिर के पश्चिम दिशा में स्थित सामुदायिक भवन एवं धर्मशाला पर अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए हैं। मंदिर पर हर मंगलवार और शनिवार को पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं को इससे असहजता का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त लोग हैंडपंप से पानी लेकर खुले में स्नान सहित अन्य कार्य करते हैं।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि संबंधित लोग बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और वैध पंजीकरण के कथा, जागरण और यज्ञ जैसे धार्मिक आयोजनों की बात कर रहे हैं। साथ ही प्रतिदिन सुबह तीन मैजिक वाहनों से छानबे क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर पूजा-पाठ के नाम पर धन, अन्न एवं अन्य वस्तुओं का संग्रह कर रहे हैं।गांव के लोगों का कहना है कि इन व्यक्तियों की पहचान, पता और उद्देश्य के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है और न ही किसी प्रकार का वैध दस्तावेज दिखाया जा रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि धार्मिक आस्था का दुरुपयोग कर अवैध वसूली की जा रही है और बाद में फरार होने की संभावना भी है, जिससे गांव की छवि प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कथित बाबाओं की पहचान व गतिविधियों की जांच कराई जाए, उनके पास वैध अनुमति या पंजीकरण की पुष्टि की जाए तथा अवैध कब्जा या वसूली पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामवासियों को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।