बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज क्षेत्र स्थित दुर्गावती हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों द्वारा हंगामा करने और डॉक्टर व स्टाफ के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। इस संबंध में अस्पताल संचालक डॉ. मनोज यादव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।डॉ. मनोज यादव के अनुसार, 11 मार्च 2026 की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच अभिषेक चौहान (पुत्र सुरेश चौहान, निवासी ग्राम धनौली शुक्लपुरी, झुमिला बाजार, थाना बड़हलगंज) को उसके परिजन आपातकालीन स्थिति में अस्पताल लेकर आए। उस समय मरीज की हृदय गति बंद थी। डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर (CPR) प्रक्रिया शुरू कर मरीज को बचाने का प्रयास किया।डॉक्टर ने बताया कि मरीज के परिजनों को पहले ही यह स्पष्ट कर दिया गया था कि यदि हालत में सुधार होता है तो भी अस्पताल में उस समय वेंटिलेटर मशीन खाली नहीं है, और जरूरत पड़ने पर मरीज को अन्य अस्पताल रेफर करना पड़ेगा। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद मरीज को बचाया नहीं जा सका।read more:https://khabarentertainment.in/chakariya-villagers-yearn-for-basic-amenities/ आरोप है कि मरीज की मृत्यु के बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में डॉक्टरों व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी और हंगामा करते हुए वहां से चले गए।डॉ. यादव ने अपनी तहरीर में कहा है कि इस प्रकार की घटनाएं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित करती हैं। यदि डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार होता रहेगा, तो भविष्य में अस्पताल आपातकालीन मरीजों को लेने में हिचकिचाएंगे, जिसका सीधा असर आम जनता की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) एवं 352 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।