म्योरपुर, सोनभद्र। वन प्रभाग रेणुकूट की सचल दस्ता टीम ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित साखू (साल) की लकड़ी से भरे एक ट्रक को करीब 70 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पकड़ लिया। ट्रक छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था, जिसे टीम ने जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज स्थित कृषि मंडी के पास धर दबोचा। सचल दस्ता प्रभारी राघवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर टीम सुबह से ही ट्रक की निगरानी कर रही थी। म्योरपुर के रनटोला रेलवे गेट के पास लोकेशन मिलने पर टीम सक्रिय हुई, लेकिन चालक ट्रक को तेज गति से मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग से होते हुए रॉबर्ट्सगंज की ओर ले गया। लगातार पीछा करते हुए टीम ने अंततः ट्रक को पकड़ लिया, जांच के दौरान चालक पंचम सिंह लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, वहीं ट्रक के आगे-आगे चल रही एक फॉरच्यूनर गाड़ी से अंतरराज्यीय तस्करों द्वारा रेकी किए जाने की बात भी सामने आई, कार्रवाई के दौरान कुछ दबंगों ने हस्तक्षेप करने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय रेंज के सहयोग से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। वन विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया है तथा चालक से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में वन दरोगा रवि यादव, छोटेलाल, वनरक्षक शैलेन्द्र यादव व हिमांशु मौर्य की सक्रिय भूमिका रही। विभागीय अधिकारियों ने इसे अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।