म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत रनटोला में यात्री शेड के पास स्टेशन रोड पर लाखों रुपए की लागत से स्थापित सोलर वाटर पंप इन दिनों धूल फांक रहा है, जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, पंप के खराब होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भी पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और विकराल होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीनों पूर्व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर पंप की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा स्थायी समाधान करने के बजाय टैंकर से जलापूर्ति दिखाकर खानापूर्ति कर ली गई, जिसके चलते समस्या जस की तस बनी हुई है और अब फिर पानी की किल्लत शुरू हो गई है, ग्रामीण जयनाथ, कमलेश, ओमप्रकाश, अरविंद, पंकज, विपिन, दीपक, छोटू, प्रवीण, राधे आदि ने सोलर वाटर पंप को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है। वहीं इस संबंध में एडीओ पंचायत अजय सिंह ने बताया कि मिस्त्री को भेजकर पंप की जांच कराई जाएगी, जबकि खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।