नगर निकायों की आय वृद्धि हेतु प्रभावी प्रयास सुनिश्चित किए जाएं: डीएम

Share

बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन सहित संबंधित अधिकारियों के साथ नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली एवं विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक नगर निकाय में पूर्व की भांति सप्ताह में एक दिन चलने वाले अतिक्रमण विरोधी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा इसके साथ ही सतत प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए, जिससे कोई भी दुकान सड़क पर न लगने पाए। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं नालियों पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निकायों में स्थित सभी तालाबों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी दशा में तालाबों पर अतिक्रमण न होने पाए। आय वृद्धि के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने-अपने संसाधनों का प्रभावी उपयोग करें। तालाबों को मत्स्य पालन हेतु नियमानुसार नीलाम कर आय बढ़ाई जाए तथा अन्य संभावित स्रोतों को विकसित कर राजस्व सुदृढ़ किया जाए। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नगर निकायों में प्रतिदिन शतप्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी खाली प्लॉट पर कूड़ा एकत्रित न होने पाए। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए। जिन नगर निकायों में कल्याण मंडप का निर्माण नहीं हो रहा है, वे तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करें। इसके अतिरिक्त, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं शहरी आजीविका मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *