औरैया में दारोगा भर्ती परीक्षा शुरू, दो शिफ्ट में पेपर, पहले दिन 5280 अभ्यर्थी आठ केंद्रों पर दे रहे परीक्षा

Share
औरैया जिले में दारोगा भर्ती परीक्षा शनिवार को शुरू हो गई। यह परीक्षा शनिवार और रविवार को आठ केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। कुल 10,560 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे, जिनमें से पहले दिन 5,280 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाए।प्रत्येक पाली में 2,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुबह की पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर की पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग की जा रही है। अभ्यर्थियों के कान और बालों की भी जांच की जा रही है, ताकि कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर न ले जाई जा सके।प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य है। सुबह की पाली के लिए प्रवेश सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक और दोपहर की पाली के लिए दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे के बीच होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) और दो रंगीन फोटो लाना अनिवार्य है।इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स, घड़ी, गहने और डिजिटल पेन ले जाना प्रतिबंधित है। परीक्षा की निगरानी के लिए चार क्षेत्राधिकारी (सीओ) तैनात किए गए हैं। इनके अतिरिक्त, 22 इंस्पेक्टर और 50 सब इंस्पेक्टर भी मोर्चा संभालेंगे। कुल 218 पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे।प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी भी लगाई गई है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए हर गतिविधि की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा को शुचितापूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *