आजमगढ़ ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त करीब 7 करोड़ 35 लाख रुपये मूल्य के 864.184 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम व अन्य नशीले पदार्थों को इंसीनिरेटर में जलाकर नष्ट किया गया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने न्यायालय व सम्बंधित प्राधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की। जनपद के विभिन्न थानों द्वारा पूर्व में बरामद किए गए अवैध मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए मानक प्रोटोकॉल का पालन किया गया। विनष्टीकरण मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्रा0 लि0, भादो, माहुल, मार्टीनगंज (थाना दीदारगंज) स्थित औद्योगिक इकाई में स्थापित इंसीनिरेटर/ब्वायलर के माध्यम से कराया गया। 864 किलो नशीला पदार्थ व 1000 डायजापाम टैबलेट नष्ट किए गए मादक पदार्थों में गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम समेत कुल 864.184 किलोग्राम नशीले पदार्थ व लगभग 1000 डायजापाम टैबलेट शामिल थे। इनकी अनुमानित कीमत 7,35,55,640 आंकी गई है। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था व सभी आवश्यक सावधानियां बरती गईं।विनष्टीकरण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), उ0नि0 श्रीप्रकाश मिश्रा प्रभारी विशेष मालखाना निस्तारण सेल, आरक्षी प्रदीप कुमार शाह व आरक्षी मुकेश कुमार गिरी (डीसीआरबी) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।