गंगा में समाया 22 चक्का ट्रेलर: शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु पर भीषण हादसा, चालक-खलासी लापता

Share

रजत श्रीवास्तव  गाजीपुर। शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे के समय ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रही सब्जी लदी पिकअप से जोरदार टक्कर के बाद संतुलन खो बैठा, जिससे पिकअप भी पलट गई और ट्रेलर नदी में समा गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। काफी प्रयासों के बाद ट्रेलर का पता लगा लिया गया, जो सेतु के पिलर संख्या 6 और 7 के बीच लगभग 35 फीट गहराई में फंसा हुआ है।हालांकि, ट्रेलर में सवार चालक और खलासी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे नदी में बह गए हैं। पुलिस और बचाव दल उनकी तलाश में लगातार जुटे हुए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन में लगी हुई है।हादसे में पिकअप चालक 28 वर्षीय रवि गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अब खतरे से बाहर है, जबकि पिकअप में सवार एक अन्य घायल का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार ट्रेलर गोरखपुर का बताया जा रहा है और चालक की पहचान राजन यादव (28) के रूप में हुई है।घटना के बाद सेतु के दोनों ओर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। इसके चलते यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है और वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

गौरतलब है कि इसी सेतु पर बीते 20 मार्च को भी एक ट्रैक्टर के नदी में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सेतु की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सेतु पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने, स्पीड कंट्रोल और बैरियर मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और लापता लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *