जिंदल शॉ लिमिटेड में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 12 छात्रों का चयन

Share

जौनपुर. वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित जिंदल शॉ लिमिटेड की प्लेसमेंट ड्राइव में इस वर्ष शानदार सफलता प्राप्त हुई, जिसमें कुल 12 मेधावी छात्रों का चयन किया गया। चयनित छात्रों में 4 छात्र मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से तथा 8 छात्र इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग से हैं।कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने सभी छात्रों को बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उत्कृष्ट रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से विश्वविद्यालय इस दिशा में सतत प्रयासरत है और परिणामस्वरूप विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां परिसर में आकर प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित कर रही हैं।
मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संदीप सिंह सहित प्रोफेसर रजनीश भास्कर, डॉ. दीप प्रकाश सिंह एवं डॉ. अनुराग सिंह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि विभागों में छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जाते हैं।ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाती हैं। उनका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में और अधिक कंपनियों को आमंत्रित करने की योजना है, जिससे छात्रों को विविध क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिल सके।चयनित छात्रों के बीच खुशी और गर्व का माहौल देखा गया। इसमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र विपिन कुमार, राहुल कुमार गुप्ता ,राज पांडे, दिव्यांशु सिंह इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र अमन कुमार मौर्य,अभिषेक कुशवाहा,संदीप,विवेक, नीरज चौहान, साहिल कुमार, राज ,आदेश श्रीवास्तव, सत्यम विक्रम सिंह चयनित हुए।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी एवं परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य गणमान्य अधिकारी भी उपस्थित रहे और सभी चयनित छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *