उन्नाव में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 101 मोबाइल बरामद, 22 लाख रुपये से अधिक के फोन मालिकों को लौटाए गए

Share
उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जयप्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत जनपद की सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुमशुदा हुए 101 एंड्रॉएड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी सर्विलांस सेल के नेतृत्व में चलाया गया। बता दे कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में ही सर्विलांस टीम को गुमशुदा मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी के कड़े निर्देश दिए थे, जिसके परिणामस्वरूप टीम ने भिन्न-भिन्न स्थानों से मोबाइल खोज निकाले। पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए गए। फोन वापस मिलने पर लोगों ने उन्नाव पुलिस की तत्परता और ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया। कई पीड़ितों ने बताया कि मोबाइल के साथ उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डेटा, फोटो और जरूरी दस्तावेज़ वापस मिलना उनके लिए राहत भरा रहा। सर्विलांस सेल द्वारा सितंबर 2024 से अब तक कुल 808 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 42 लाख रुपये आंकी गई है। यह उपलब्धि जिले में तकनीकी सहायता से अपराध नियंत्रण और संपत्ति बरामदगी के क्षेत्र में पुलिस की दक्षता को दर्शाती है। इस बरामदगी अभियान में शामिल सर्विलांस टीम के कांस्टेबल शुभम तोमर, कांस्टेबल प्रशांत बालियान, कांस्टेबल अरुण यादव, सुदीप कटियार, आकाश चौधरी और कांस्टेबल विवेक को उनकी सराहनीय उपलब्धि के लिए प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की गई है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी न केवल लोगों की व्यक्तिगत संपत्ति लौटाने का कार्य है, बल्कि यह पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करता है। उन्होंने यह भी बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुमशुदा संपत्ति और लापता लोगों की खोज आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *